Advertisement

एसकेएमसीएच के बिचौलियों के जाल में फंसा टीबी मरीज, निजी अस्पताल ने 7 दिन में वसूले ढाई लाख, मौत के बाद परिजनों का हंगामा

-एसकेएमसीएच के बिचौलियों के जाल में फंसा टीबी मरीज, निजी अस्पताल ने 7 दिन में वसूले ढाई लाख, मौत के बाद परिजनों का हंगामा

मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में इलाज कराने आए एक टीबी मरीज की कथित रूप से बिचौलियों और निजी अस्पताल के चक्कर में पड़ने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में सक्रिय बिचौलियों ने बेहतर इलाज का झांसा देकर मरीज को निजी अस्पताल भेज दिया, जहां सात दिनों में इलाज के नाम पर करीब ढाई लाख रुपये वसूल लिए गए। जब मरीज की हालत गंभीर हो गई तो उसे वापस एसकेएमसीएच भेज दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के हरसेर गांव निवासी देवेंद्र सहनी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि देवेंद्र को गंभीर हालत में इलाज के लिए एसकेएमसीएच लाया गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सरकारी अस्पताल में उचित इलाज नहीं मिलने की बात कहकर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए राजी कर लिया।


परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में लगातार सात दिनों तक इलाज के नाम पर उनसे लगभग ढाई लाख रुपये वसूले गए। इसके बावजूद मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल के संचालकों ने उसे दोबारा एसकेएमसीएच भेज दिया, जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मरीज की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एसकेएमसीएच परिसर में हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि बिचौलियों और निजी अस्पताल की मिलीभगत के कारण उनके परिजन की जान चली गई। उनका कहना है कि बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्होंने कर्ज लेकर पैसे जुटाए, लेकिन न मरीज बचा और न ही उनकी मेहनत की कमाई।
पीड़ित परिवार ने एसकेएमसीएच ओपी पुलिस और अस्पताल अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर बिचौलियों एवं संबंधित निजी अस्पताल के संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इलाज के नाम पर वसूली गई राशि की भी जांच कराने की मांग उठाई है।
फिलहाल पुलिस और अस्पताल प्रशासन को मामले की शिकायत दे दी गई है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।