Advertisement

कुढ़नी में विभागीय प्रदर्शनी सह कांवरिया विश्राम शिविर का उद्घाटन, मंत्री रमा निषाद ने योजनाओं की दी जानकारी

-कुढ़नी में विभागीय प्रदर्शनी सह कांवरिया विश्राम शिविर का उद्घाटन, मंत्री रमा निषाद ने योजनाओं की दी जानकारी

मुजफ्फरपुर। पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और सावन माह में कांवरियों की सुविधा के उद्देश्य से शनिवार को कुढ़नी प्रखंड के चंद्रहटी पंचायत स्थित बायपास पर भूपनारायण इंटर कॉलेज के समीप विभागीय प्रदर्शनी शिविर सह कांवरिया एवं श्रद्धालु विश्राम शिविर का उद्घाटन किया गया। शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार की पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने किया।
उद्घाटन के अवसर पर मंत्री रमा निषाद ने कहा कि राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी ढंग से संचालन कर रही है। विभागीय प्रदर्शनी शिविर के माध्यम से लोगों को छात्रवृत्ति, छात्रावास, कौशल विकास तथा अन्य लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।


उन्होंने कहा कि सावन माह में बाबा धाम जाने वाले कांवरियों और अन्य श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में विश्राम, शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राहत और आवश्यक सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने विभाग द्वारा योजनाओं के प्रचार-प्रसार और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए इस विशेष शिविर की सराहना की।