Advertisement

श्रावणी मेला 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर प्रशासन का विशेष फोकस, डीएन हाई स्कूल में होगा उद्घाटन

-श्रावणी मेला 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर प्रशासन का विशेष फोकस, डीएन हाई स्कूल में होगा उद्घाटन

मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले का उद्घाटन 2 अगस्त को अपराह्न 3:30 बजे डीएन हाई स्कूल, मुजफ्फरपुर में किया जाएगा। उद्घाटन से पूर्व जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बाबा गरीबनाथ मंदिर, डीएन हाई स्कूल, जिला स्कूल, आरडीएस कॉलेज सहित विभिन्न ठहराव स्थलों और कंट्रोल रूम का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने तैनात दंडाधिकारियों को पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के ठहराव स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। जिला स्कूल और आरडीएस कॉलेज में बनाए गए विश्राम स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेड, गद्दा, तकिया, पंखा, प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, स्नानागार, शौचालय तथा मोबाइल चार्जिंग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल की सतत आपूर्ति और उसकी गुणवत्ता की निरंतर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


प्रशासन ने इस वर्ष व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम भी तैयार किया है। कांवरिया पथ और सभी ठहराव स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता, बिजली-पानी की उपलब्धता तथा दंडाधिकारियों की उपस्थिति की प्रतिदिन सुबह और शाम चेकलिस्ट के आधार पर जांच होगी। इसकी रिपोर्ट डीएन हाई स्कूल स्थित केंद्रीकृत कंट्रोल रूम में भेजी जाएगी, जहां से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डीएन हाई स्कूल में केंद्रीकृत कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो पूरे मेले की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगा। इसके अलावा बाबा गरीबनाथ मंदिर के गर्भगृह से बाबा के दर्शन और जलाभिषेक का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि दूर-दराज के श्रद्धालु भी दर्शन का लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि श्रावणी मेला पूरे महीने चलेगा। इसके सफल आयोजन और बेहतर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिले के नागरिकों से भी प्रशासन का सहयोग करने और श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा में भागीदार बनने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।