Advertisement

80 फीट का रावण,पूरे मैदान में घूमेंगे हनुमान

80 फीट का रावण,पूरे मैदान में घूमेंगे हनुमान

-पटना गांधी मैदान में मजा ही आ जाएगा

संवाददाता। पटना।

हर साल की तरह इस बार भी पटना के गांधी मैदान में रावण दहन को खास और कुछ अलग बनाने की तैयारी चल रही है। इसी कोशिश को ध्‍यान में रखते हुए दशहरा कमेटी इस बार वाकई कुछ अलग करने जा रही है। इस बार के लंका दहन के दौरान पटना के गांधी मैदान का नजारा कुछ और ही दिखाई देने वाला है।
दरअसल, इस बार सोने की लंका भी बनाई जाने वाली है। वो भी दो मंजिला। इतना ही नहीं इस बार रावण दहन का कार्यक्रम भी खास होगा। लंका दहन के कार्यक्रम के दौरान झांकी भी निकाली जाएगी। राम भक्‍त हनुमान लंका का दहन करने से पहले पूरे गांधी मैदान का तीन चक्‍कर लगाएंगे। इसके बाद लंका दहन करेंगे।
विजया दशमी के दिन को खास बनाने के लिए इस कार्यक्रम को काफी रोमांचक बनाने की कोशिश की गई है। इस कार्यक्रम के दौरान पटना के गांधी मैदान में केवल हनुमान ही नजर नहीं आएंगे, बल्कि पूरी वानर सेना होगी। जिसके साथ हनुमान जी दो मंजिला सोने की लंका का दहन करेंगे।
इस बार पटना के गांधी मैदान में बनाया जा रहा रावण का पुतला पिछली बार से 10 फीट और ऊंचा रहने वाला है। दशहरा कमेटी के चेयरमैन कमल नोपानी ने बताया कि इस बार रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतला की ऊंचाई पिछले साल के मुकाबले 10 फीट और ऊंचा होगा।
उन्‍होंने बताया कि पटना के गांधी मैदान में रावण दहन का इस साल 69वां वर्ष है। इस बार रावण का आकार 80 फीट, कुंभकर्ण का आकार 75 फीट और मेघनाद को 70 फीट का बनाया जाएगा। खास बात ये होगी कि इस बार इको फ्रेंडली पटाखे पुतलों में लगाए जाएंगे और रंग बिरंगी आतिशबाजी की जाएगी। इस दौरान करीब आधे घंटे तक आतिशबाजी की जाएगी।
हर साल की तरह ही लंका दहन का कार्यक्रम शाम 6:30 तक खत्‍म हो जाएगा। इसके पहले करीब दो घंटे तक मुख्‍य कार्यक्रम शुरू हो जाता है। गांधी मैदान में ही अशोक वाटिका और सोने की लंका बनाई जा रही है। 11 अक्टूबर तक रावण समेत तीनों पुतले अपने जगह पर खड़े कर दिए जाएंगे।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ इकट्ठा होती है। इसे ध्‍यान में रखते हुए सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर व्‍यवस्‍था की जाएगी। गांधी मैदान में सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और राज्‍यपाल भी शामिल होते हैं। उनके साथ सरकार के कई नेता, मंत्री और विधायक भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हैं। ऐसे में प्रशासन की और से गांधी मैदान के अंदर बैरिकेडिंग शुरू कर दी गई है।