-70वीं BPSC परीक्षा में नीतू कुमारी बनीं BPRO, क्षेत्र में खुशी की लहर
पूसा/समस्तीपुर, 21 जून। पूसा प्रखंड की दक्षिणी हरपुर पंचायत निवासी प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अजय कुमार राय की पुत्रवधू एवं अमूल्य कुमार राजा की पत्नी नीतू कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस सफलता पर पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी, पूसा एवं समस्तीपुर आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि नीतू कुमारी की उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना अन्य युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण हैl

रौशन यादव ने कहा कि नीतू कुमारी ने न केवल अपने परिवार, बल्कि दक्षिणी हरपुर पंचायत, पूसा प्रखंड और पूरे समस्तीपुर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सकारात्मक सोच को नई दिशा देने वाला है।
उन्होंने नीतू कुमारी, उनके पति अमूल्य कुमार राजा, माता-पिता एवं समस्त परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आशा जताई कि वे अपने प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए जनहित और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देंगी।












