-65 भार लेकर जनकपुरधाम से अयोध्या रवाना हुआ तिलक दल, मेयर सहित 51 लोग हुए शामिल
-29 नवंबर को अयोध्या के कारसेवकपुरम में होगा तिलकोत्सव
-रामलला के लिए मिथिला से पहुंचेगा पारंपरिक उपहार
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
मिथिला और अयोध्या के बीच त्रेतायुगीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शनिवार, 28 नवंबर को जनकपुरधाम से 65 भार तिलक लेकर श्रद्धालुओं का दल अयोध्या के लिए रवाना हुआ। सरयू कमला एक्सप्रेस से प्रस्थान करने वाले इस दल में जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह सहित कुल 51 लोग शामिल हैं।
मिथिला की परंपरा के अनुसार, जब वर-वधू का रिश्ता तय हो जाता है तो कन्या पक्ष की ओर से वर पक्ष के घर तिलक लेकर जाने की रस्म निभाई जाती है, जिसे स्थानीय भाषा में छेका भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने के बाद राजा जनक ने विशेष दूत के माध्यम से अयोध्या संदेश भेजा था और स्वयं तिलक लेकर अयोध्या पहुंचे थे। इसी परंपरा का निर्वहन आज भी जनकपुरधाम से किया जा रहा है।

पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व हिंदू परिषद नेपाल के धनुषा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार साह के नेतृत्व में तिलक दल अयोध्या रवाना हुआ है। 65 भार में मिथिला के पारंपरिक पकवान खजुरी, पुरकिया, खाजा, लड्डू, गाजा, बादशाही, केला, विभिन्न प्रकार के फल और मेवे शामिल हैं। इसके अलावा भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों, राजा दशरथ और तीनों रानियों के लिए वस्त्र, चांदी का पान, सुपारी सहित अन्य पारंपरिक उपहार भी भेजे गए हैं।
शनिवार सुबह जानकी मंदिर में भव्य समारोह आयोजित कर भार को विदाई दी गई। जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव ने विधिवत विदा किया। इस अवसर पर मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव, सीडीओ, एसपी सहित नगर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जय सियाराम के जयघोष के बीच तिलक भार को जानकी मंदिर से जनकपुरधाम रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया।
29 नवंबर को अयोध्या के कारसेवकपुरम में तिलकोत्सव की रस्म आयोजित की जाएगी। विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री राजेंद्र सिंह पंकज की देखरेख में होने वाले इस समारोह में अयोध्या के मेयर गिरीश पति त्रिपाठी सहित कई साधु-संत शामिल होंगे।












