Advertisement

30 सितंबर तक पेंशनधारियों को जीवन प्रमाणीकरण का मौका, मुजफ्फरपुर में 1.03 लाख सत्यापन लंबित

-30 सितंबर तक पेंशनधारियों को जीवन प्रमाणीकरण का मौका, मुजफ्फरपुर में 1.03 लाख सत्यापन लंबित

मुजफ्फरपुर। राज्य में पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण के लिए पिछले आठ माह से चल रहे विशेष अभियान के बावजूद अब तक शत-प्रतिशत सत्यापन पूरा नहीं हो सका है। राज्य में अभी 17 लाख 19 हजार 414 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। वहीं, मुजफ्फरपुर जिले में 1 लाख 3 हजार 144 पेंशनधारियों का सत्यापन होना बाकी है।
सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की निदेशक डॉ. प्रीति ने सभी जिलाधिकारियों को लंबित जीवन प्रमाणीकरण की सूची भेजते हुए जल्द से जल्द सत्यापन पूरा कराने का निर्देश दिया है। लाभार्थियों को राहत देते हुए जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी गई है।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंडवार लंबित मामलों की सूची भेजकर निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन पूरा कराने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने प्रखंड स्तर पर शिविर आयोजित कर लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निष्पादन करने का निर्देश दिया है।


मुजफ्फरपुर के मुशहरी प्रखंड में सबसे अधिक 13 हजार 633 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। पेंशनधारियों को सरकार की ओर से प्रत्येक माह 1100 रुपये उनके बैंक खाते में भेजे जाते हैं। जीवन प्रमाणीकरण नहीं होने की स्थिति में पेंशन की राशि खाते में भेजा जाना बंद हो सकता है।
प्रशासन ने मृत पेंशनधारियों को भी चिह्नित करने का निर्देश दिया है। ऐसे लाभार्थियों को ई-लाभार्थी पोर्टल पर डेथ मार्क किया जाएगा। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक को पूरे अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभी बीडीओ को प्रतिदिन शिविर में हुए सत्यापन की अपडेट रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। प्रशासन का लक्ष्य 30 सितंबर तक सभी लंबित जीवन प्रमाणीकरण का सत्यापन पूरा करना है, ताकि पात्र पेंशनधारी योजना के लाभ से वंचित न रहें।