Advertisement

झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, इंजेक्शन लगने के बाद 6 वर्षीय बच्चे की मौत

-झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, इंजेक्शन लगने के बाद 6 वर्षीय बच्चे की मौत

मुजफ्फरपुर। जिले के सरैया प्रखंड के रेपुरा गांव में एक छह वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी क्लीनिक बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान रेपुरा गांव निवासी राजकुमार पासवान के छह वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, करीब चार दिन पहले खेलते समय बच्चे को चोट लग गई थी। समय बीतने के साथ घाव में दर्द और संक्रमण बढ़ने लगा, जिसके बाद इलाज के लिए उसे गांव के ही एक कथित चिकित्सक के पास ले जाया गया।
मृतक की मां मालती देवी ने बताया कि डॉक्टर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इंजेक्शन लगाने से घाव ठीक हो जाएगा। आरोप है कि इंजेक्शन दिए जाने के कुछ ही देर बाद बच्चे की हालत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया। परिजनों का कहना है कि इसके बाद बच्चे में कोई हलचल नहीं हुई और उसकी मौत हो गई।


घटना के बाद परिजनों ने आसपास के लोगों को सूचना दी, लेकिन तब तक आरोपी डॉक्टर क्लीनिक बंद कर मौके से फरार हो चुका था। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि गलत इलाज और चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान चली गई। उन्होंने प्रशासन से दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।