Advertisement

बीआरएबीयू में पैट 2025-26 की संयुक्त नामांकन प्रक्रिया तेज, अब तक मिले 472 आवेदन

-बीआरएबीयू में पैट 2025-26 की संयुक्त नामांकन प्रक्रिया तेज, अब तक मिले 472 आवेदन

मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) में पीएचडी प्रवेश परीक्षा (पैट) 2025 और 2026 की संयुक्त नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। लोकभवन के निर्देश पर नए नियमों के तहत दोनों सत्रों के लिए अब तक कुल 472 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने पैट 2025 के करीब एक दर्जन और अभ्यर्थियों को नई चयन प्रक्रिया में शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके लिए विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों के फॉर्म नई व्यवस्था में स्थानांतरित किए जा रहे हैं।
पैट के नोडल पदाधिकारी प्रो. नवेदुल हक ने बताया कि विश्वविद्यालय के आठ छात्रों समेत लगभग एक दर्जन अभ्यर्थियों के पुराने आवेदनों को नई प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है। पिछले सप्ताह अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म में जरूरी संशोधन करने का अवसर भी दिया गया था। फिलहाल सभी आवेदन पत्रों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विषयवार मेरिट सूची तैयार की जाएगी और योग्य अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
लोकभवन से स्वीकृत नए पीएचडी विनियम के तहत नामांकन प्रक्रिया में यूजीसी नेट या गेट के अंकों को 80 प्रतिशत, जबकि साक्षात्कार के अंकों को 20 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत अंतिम चयन सूची पात्रता परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी।


नई नियमावली में अभ्यर्थियों को तीन श्रेणियों में रखा गया है। पहली श्रेणी में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के साथ पीएचडी प्रवेश के पात्र अभ्यर्थी शामिल हैं। दूसरी श्रेणी में जेआरएफ के बिना सहायक प्राध्यापक पद के लिए पात्र नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थी होंगे। वहीं, तीसरी श्रेणी में केवल पीएचडी प्रवेश के लिए पात्रता रखने वाले नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को रखा गया है।
नई चयन नियमावली के तहत पीएचडी की सीटों के आवंटन में जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी विषय की सभी सीटें जेआरएफ श्रेणी के अभ्यर्थियों से भर जाती हैं, तो दूसरी और तीसरी श्रेणी के आवेदकों को उन सीटों पर अवसर नहीं मिलेगा। वहीं, जेआरएफ श्रेणी के अभ्यर्थियों के चयन के बाद सीटें रिक्त रहने पर ही अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा। विश्वविद्यालय में आवेदन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद विषयवार मेरिट सूची और साक्षात्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।