Advertisement

21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे नीतीश सेतु का लोकार्पण, सम्राट चौधरी ने लिया तैयारियों का जायजा

-21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे नीतीश सेतु का लोकार्पण, सम्राट चौधरी ने लिया तैयारियों का जायजा

-राघोपुर से जाफरपट्टी तक कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण -अधिकारियों को यातायात, सुरक्षा और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

वैशाली(दीपक कुमार तिवारी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) का निरीक्षण किया। उन्होंने राघोपुर के रुस्तमपुर में बनाए गए हेलीपैड तथा पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच विकसित किए जा रहे कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र के जाफरपट्टी स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल भी पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीतीश सेतु को जनता को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वे कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए राघोपुर सहित पूरे बिहार की जनता उत्साहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इलाका लंबे समय तक विकास से अछूता रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम हुआ है। कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल का डीपीआर वर्ष 2012 में तैयार हुआ था और वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। वर्ष 2026 में पुल का निर्माण पूरा हुआ है। उन्होंने पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है। यह उनके प्रति सरकार का एक छोटा-सा सम्मान है।


इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजापाकर के बनारसी चौक और जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्य कार्यक्रम स्थल के समीप उनकी अध्यक्षता में समीक्षा बैठक भी हुई। इसमें वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने हेलीपैड, पार्किंग, प्रवेश द्वार, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा जांच, पेयजल, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और अग्निशमन सहित अन्य व्यवस्थाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया।
पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभा स्थल तक आवागमन सुगम और व्यवस्थित रखा जाए। वाहनों के परिचालन के लिए बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ प्रमुख मार्गों को खाली रखा जाए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में प्रवेश द्वार बनाने, संपर्क मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती करने तथा पेयजल, चिकित्सा और आपातकालीन सुविधाओं की मुकम्मल व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, एसएसपी शुभांक मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।