-16 जून को दो पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, सभी विभागों के पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में आगामी 16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के सफल संचालन को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सभी विभागों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में बीडीओ ने बताया कि 16 जून को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नरायणपुर बुजुर्ग पंचायत भवन तथा लगुराव बिलंदपुर पंचायत भवन परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में सभी विभागों के पदाधिकारी एवं संबंधित पंचायतों के कर्मी मौजूद रहेंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत या समस्या होने पर वे अपने पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव अथवा प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर अवगत कराएं। प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई कर उनके समाधान की जानकारी आगामी सहयोग शिविर में दी जाएगी।
बैठक के दौरान बीडीओ ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में पुरानी पांडुलिपियों, प्राचीन सिक्कों एवं ऐतिहासिक महत्व की मूर्तियों की खोज करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे कोई पुरातात्विक या ऐतिहासिक महत्व के अवशेष मिलते हैं तो आम नागरिक भी इसकी सूचना प्रशासन को दें। प्राप्त जानकारी को भारत सरकार के ‘ज्ञान भारतम्’ ऐप पर अपलोड किया जाएगा।
बैठक में पीएचडी की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी, आपूर्ति पदाधिकारी आदिति कुमारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुधी रंजन कुमार सिन्हा, मीणा कुमारी, पंकज कुमार, नितेश कुमार समेत अन्य प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सहयोग शिविर को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।











