Advertisement

15 दिनों बाद गायघाट अंचल में भूमि विवादों की सुनवाई शुरू, सीओ कार्यालय में उमड़ी फरियादियों की भीड़

-15 दिनों बाद गायघाट अंचल में भूमि विवादों की सुनवाई शुरू, सीओ कार्यालय में उमड़ी फरियादियों की भीड़

-दाखिल-खारिज, परिमार्जन और सीमांकन से जुड़े मामलों के निपटारे की उम्मीद में पहुंचे लोग

दीपक कुमार/गायघाट (मुजफ्फरपुर)। गायघाट अंचल कार्यालय में करीब 15 दिनों के अंतराल के बाद शुक्रवार को भूमि संबंधी मामलों की सुनवाई शुरू हुई। सुनवाई की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर अंचलाधिकारी (सीओ) के कार्यालय पहुंचे। इसके कारण कार्यालय परिसर में दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही।

लंबे समय से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमीन की मापी और सीमांकन सहित अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लगाए लोगों को सुनवाई शुरू होने से राहत मिली। अपनी बारी का इंतजार करने के लिए कई फरियादी घंटों कार्यालय परिसर में बैठे रहे। लोग अपने लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने पहुंचे थे।

फरियादियों ने अंचल प्रशासन से भूमि संबंधी लंबित मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निपटारा करने की मांग की। उनका कहना था कि मामलों के समय पर निष्पादन से लोगों को बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और अनावश्यक परेशानी से भी राहत मिलेगी।

सुनवाई शुरू होने के बाद अब लोगों को अपने लंबित मामलों के समाधान की उम्मीद जगी है। फरियादियों ने प्रशासन से नियमित रूप से सुनवाई सुनिश्चित करने और राजस्व संबंधी समस्याओं का जल्द निपटारा करने की अपील की।