-15 जनवरी से एनडीए के सभी प्रदेश अध्यक्ष निकलेंगे जिलों की यात्रा पर
-भाजपा युवाओं को दिखाएगी ‘नीतीश कुमार का नया बिहार’
ब्यूरो। पटना।
बिहार में उपचुनाव में एनडीए की सफलता के बाद सोमवार को NDA के घटक दलों के नेताओं ने जदयू प्रदेश कार्यालय एक प्रेस कांफ्रेंस किया। प्रेस कांफ्रेंस में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल, जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार समेत कई नेता शामिल हुए। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने एनडीए के नेताओं को उपचुनाव में जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में हमने तीन ऐसी सीटें जीती है जो पहले महागठबंधन के पास थी। हमलोगों ने एनडीए के पिछली बैठक में निर्णय लिया था कि विधानसभा चुनाव में 225 सीट पार करना है।
हमलोग एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगे हैं और आगामी 15 जनवरी से जिलों में बैठक शुरू करेंगे जो कि 25 फरवरी तक चलेगी। बैठकों का यह दौर बगहा से शुरू की जाएगी। जिलों के बैठक में हमारे किसी एक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जायेंगे तो वहां पर घटक दलों के सभी पार्टी के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और पंचायत अध्यक्ष समेत कमिटी के नेता मौजूद रहेंगे और जनता से मिलेंगे। हमलोगों का मुख्य लक्ष्य है कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विपक्ष पर भी हमला किया और कहा कि विपक्ष हमारे खिलाफ बहुत कुछ बोल रहे थे लेकिन उपचुनाव में जनता ने उन्हें दिखा दिया कि जनता किसके पक्ष में है। आज हम चुनाव को लेकर एकजुट हैं और मिल कर चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। लोकसभा चुनाव और उपचुनाव में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में अपना विश्वास दिखाया है।

वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि हमारे शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के अनुसार 15 जनवरी से हमलोग जिलास्तर पर समन्वय बैठक करेंगे। अभी हमलोगों ने उपचुनाव लड़ा और हमने देखा कि एनडीए के कार्यकर्त्ता अगर आपसी समन्वय से चुनाव लड़ते हैं तो हम अपने लक्ष्य को आसानी से पूरा कर सकते हैं। एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष जिलों में जायेंगे और कार्यकर्ताओं को एक जुट करेंगे। विपक्ष शाहाबाद और मगध के सीटों पर अपना दबदबा दिखा रहा था लेकिन उस सीटों पर भी हमने जीत दर्ज की।
विपक्ष अपनी उल्टी सीधी बात करके अपनी राजनीति को किसी तरह जिन्दा रखने के प्रयास में हैं। उनका M और Y समीकरण खत्म हो गया। बिहार अब बदल रहा है, अगर पटना में फ्लाईओवर दिखाई दे रहा है तो गंगा पर पुल भी दिखाई दे रहा है। जनता ये सब देखती है। हमलोग राज्य के लोगों को करीब आधे घंटे का एक फिल्म दिखाएंगे जिसमें हम 2005 से पहले के बिहार और 2005 के बाद के बिहार को दिखाएंगे।
एक एक गांव के लोगों और युवाओं को यह फिल्म दिखाया जायेगा जिसका नाम होगा ‘नीतीश कुमार का नया बिहार’। पहले बिजली के आंदोलन पर सरकार बदल जाती थी और अब लोग लालटेन फेंक कर बिजली की रौशनी में रह रहे हैं। ‘नीतीश कुमार का नया बिहार’ फिल्म विशेष रूप से कॉलेजों में और युवाओं के बीच दिखाई जाएगी।












