Advertisement

एनएच पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अब सख्ती, जुर्माने के साथ वाहन होंगे जब्त

-एनएच पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अब सख्ती, जुर्माने के साथ वाहन होंगे जब्त

मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अब सख्ती बढ़ाने की तैयारी है। हाईवे, सर्विस रोड और एनएच के किनारे बनी पक्की पट्टी पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ जरूरत पड़ने पर वाहनों को जब्त कर हटाया जाएगा। परिवहन विभाग-सह-बिहार सड़क सुरक्षा परिषद ने पुलिस, जिला परिवहन विभाग और एनएचएआइ को संयुक्त रूप से अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
सड़क हादसों से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग को दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में माना था। इसके बाद परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर कार्रवाई तेज करने का निर्णय लिया है। विभाग की ओर से हाईवे पर नियमित निरीक्षण के साथ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
अभियान के दौरान ट्रक, बस और अन्य व्यावसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग पर विशेष नजर रखी जाएगी। हाईवे या सर्विस लेन पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वाहनों को जब्त कर सड़क से हटाने की कार्रवाई भी होगी।


सभी जिलों को अभियान की साप्ताहिक रिपोर्ट मुख्यालय को भेजनी होगी। इसमें चालान किए गए वाहनों की संख्या और सड़क से हटाए गए वाहनों का विवरण देना होगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
मुजफ्फरपुर में चांदनी चौक से दरभंगा मोड़ तक कई स्थानों पर सर्विस लेन में अवैध पार्किंग की समस्या बनी हुई है। भगवानपुर चौक, कच्ची-पक्की चौक और गोबरसाही समेत कई इलाकों में बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
इन इलाकों में प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से कई बार अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर जुर्माना लगाया गया और उन्हें हटाया भी गया है। हालांकि, अभियान समाप्त होने के बाद दोबारा वाहन सड़क किनारे खड़े हो जाते हैं। अब नियमित निगरानी और कार्रवाई के जरिए अवैध पार्किंग पर स्थायी रूप से अंकुश लगाने की कोशिश की जाएगी।
एनएचएआइ की ओर से दुर्घटना संभावित स्थानों को भी चिह्नित किया गया है। ऐसे स्थानों पर हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाने, अवैध अतिक्रमण हटाने और सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर करने पर जोर दिया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों और सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग पर प्रभावी रोक लगने से यातायात सुचारू होने के साथ सड़क हादसों का खतरा भी कम होगा।