-13 मोबाइल प्रचार वाहन रवाना, मतदाताओं को मिलेगा ईवीएम-वीवीपैट का प्रशिक्षण
मुजफ्फरपुर।
जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से 13 मोबाइल प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाएंगे और उन्हें हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण देंगे।
डीएम ने कहा कि इस पहल से मतदाताओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे चुनाव दिवस पर बिना किसी आशंका के मतदान कर सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईवीएम और वीवीपैट पूरी तरह सुरक्षित और विश्वसनीय प्रणाली है।
प्रचार वाहनों की विशेषताएं:
प्रत्येक वाहन पर मास्टर ट्रेनर की नियुक्ति, जो मतदाताओं को व्यवहारिक प्रशिक्षण देंगे।
दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती, ताकि सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था बनी रहे।
वाहनों पर आकर्षक बैनर, पोस्टर और स्टैंडी लगाकर दृश्यात्मक प्रचार।

ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों तक पहुंच:
ये प्रचार वाहन शहर से लेकर दूरस्थ गांवों तक पहुंचेंगे। विधानसभा स्तर पर AERO, प्रखंड स्तर पर BDO और जिला स्तर पर निर्वाचन कार्यालय गतिविधियों की मॉनिटरिंग करेंगे।
स्थायी ईवीएम डेमो सेंटर भी सक्रिय:
मोबाइल प्रचार वाहनों के साथ-साथ समाहरणालय परिसर में एक स्थायी ईवीएम डेमोंसट्रेशन सेंटर भी कार्यरत है, जहां नागरिक निःशुल्क प्रशिक्षण ले सकते हैं। प्रतिदिन औसतन 50 नागरिक यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में कदम:
जिलाधिकारी ने कहा –
“मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा है। हमारा लक्ष्य है कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुजफ्फरपुर जिले का मतदान प्रतिशत बढ़े। हर मतदाता ईवीएम/वीवीपैट की जानकारी लेकर निर्भीक होकर मतदान केंद्र तक पहुंचे।”
यह व्यापक अभियान मतदाताओं को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगा बल्कि उनमें लोकतांत्रिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय कर्तव्य का भाव भी जगाएगा।












