-10 साल से नहीं बदली सड़क की सूरत, बारिश में बदहाल हो जाता है हत्था बाड़ी टोला का रास्ता
मुजफ्फरपुर/बन्दरा(दीपक)। बन्दरा प्रखंड की हत्था पंचायत के हत्था बाड़ी टोला, वार्ड संख्या-9 में सड़क की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 10 वर्षों से सड़क की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। खासकर बारिश के दिनों में रास्ते की स्थिति और भी नारकीय हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण बड़े या छोटे वाहनों का परिचालन मुश्किल हो जाता है। कई बार लोगों को पैदल आने-जाने में भी परेशानी होती है। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को मुख्य सड़क तक ले जाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हत्था चौक में लगने वाले साप्ताहिक हाट और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी इसी रास्ते से आना-जाना होता है। सड़क की बदहाली के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस दौरान कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधि बदले, लेकिन सड़क की स्थिति नहीं बदली। उनका आरोप है कि चुनाव के समय सड़क निर्माण और विकास के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद समस्या के समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं होती।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है।











