-हरपुर चौक के पास बिजली विभाग की चलती गाड़ी में लगी आग, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।जिले के बंदरा प्रखंड के हरपुर चौक स्थित हरपुर स्कूल के समीप गुरुवार को बिजली विभाग की चलती सरकारी गाड़ी (महिंद्रा एसयूवी) में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया तथा वाहन में सवार सभी अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, ढोली विद्युत प्रमंडल के एसडीओ पंकज देशमुख, जूनियर इंजीनियर (JE) विक्रांत कुमार, JE अभिषेक रंजन तथा मानव बल अनमोल कुमार क्षेत्र में गिरे हुए बिजली तारों का निरीक्षण करने जा रहे थे। इसी दौरान हरपुर स्कूल के पास गुजर रही सरकारी गाड़ी से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं।

स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले वाहन में आग लगने की जानकारी दी और शोर मचाकर चालक को सतर्क किया। इसके बाद चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया। ग्रामीणों की मदद से वाहन में सवार सभी अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई। समय रहते सभी लोगों के बाहर निकल जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि आग लगने की सूचना समय पर नहीं मिलती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग की सराहना की।












