Advertisement

हनी ट्रैप का बड़ा खुलासा: होटल संचालक से 97 लाख की कथित ठगी, 20 लाख नकद बरामद

-हनी ट्रैप का बड़ा खुलासा: होटल संचालक से 97 लाख की कथित ठगी, 20 लाख नकद बरामद

मुजफ्फरपुर। बिहार में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक कथित हाई-प्रोफाइल मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरपुर निवासी अभिषेक कुमार ने अपनी प्रेमिका और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पटना के एक होटल संचालक को प्रेमजाल में फंसाया और आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरों के आधार पर बदनामी का डर दिखाकर कथित तौर पर करीब 97 लाख रुपये वसूल लिए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने पहले होटल संचालक से नजदीकी बढ़ाई। इसके बाद कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें तैयार कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार रकम की मांग की गई। सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने के भय से पीड़ित ने आरोपियों को बड़ी रकम दे दी।
मामले की गुप्त सूचना मिलने पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित एसकेएमसीएच गेट नंबर-2 के सामने मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार के पिता राकेश कुमार के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक बैग से 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।


एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि बरामद नकदी कथित रंगदारी की राशि का हिस्सा प्रतीत होती है। जांच में सामने आया है कि अभिषेक कुमार और उसकी प्रेमिका मिलकर होटल संचालक से बड़ी रकम की मांग कर रहे थे। मामले की जांच जारी है और बरामद नकदी के संबंध में भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में पीड़ित होटल संचालक सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण सामने आने से हिचकिचा रहे थे। बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद उन्होंने अहियापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
फिलहाल मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार, उसकी प्रेमिका और गिरोह के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।