Advertisement

स्वास्थ्य और शिक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव

-स्वास्थ्य और शिक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता स्वास्थ्य और शिक्षा है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य शिक्षा को विशेष महत्व दिया जा रहा है, क्योंकि कुशल डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी तैयार किए बिना प्रभावी स्वास्थ्य व्यवस्था की कल्पना नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री यादव ने यह बातें मधेश स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान के प्रथम दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद प्रतिष्ठान का पहले दीक्षांत समारोह तक पहुंचना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। राज्य सरकार संस्थान को पूरी तरह विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री, जो प्रतिष्ठान के कुलाधिपति (चांसलर) भी हैं, ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


कार्यक्रम में प्रतिष्ठान के कुलपति (वाइस चांसलर) डॉ. अंकुर साह ने कहा कि संस्थान शिक्षण, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से दक्ष मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कई चुनौतियों के बावजूद पहला दीक्षांत समारोह आयोजित होना संस्थान की ऐतिहासिक उपलब्धि है।
डॉ. साह ने स्नातक होने वाले विद्यार्थियों से समाज, देश और मानवता की सेवा के प्रति समर्पित रहकर अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रथम दीक्षांत समारोह में कुल 44 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें बीएससी नर्सिंग के विभिन्न बैचों के विद्यार्थी तथा एमडी/एमएस सहित अन्य पाठ्यक्रमों के सफल छात्र-छात्राएं शामिल रहे। समारोह के दौरान सभी सफल विद्यार्थियों को उपाधि एवं सम्मान प्रदान किया गया।