Advertisement

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी में जुटा जिला प्रशासन, पूर्वाभ्यास 7 से

-स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी में जुटा जिला प्रशासन, पूर्वाभ्यास 7 से

– जिला प्रभारी मंत्री सह शिक्षा मंत्री करेंगे गांधी मैदान में झंडोत्तोलन

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

स्वतंत्रता दिवस की जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम जिलाधिकारी  सौरभ जोरवाल एवं एसपी स्वर्ण प्रभात की संयुक्त अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह- 2025 के सफल आयोजन को लेकर बैठक संपन्न हुई। जिसमें उप मेयर डॉ लालबाबू प्रसाद गुप्ता, नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव, एडीएम शैलेंद्र भारती, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सांस्कृतिक कर्मी, रंगकर्मी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह मोतिहारी स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा। जहां सुबह के 9:00 बजे जिला प्रभारी मंत्री झंडोत्तोलन करेंगे। इसके लिए प्रभारी मंत्री-सह- शिक्षा मंत्री बिहार सरकार को ससमय अनुरोध पत्र भेजने का निर्देश प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा को दिया गया है।
इस अवसर पर गांधी मैदान, गांधी उद्यान, समाहरणालय परिसर सहित सभी प्रमुख पथों की साफ सफाई का निर्देश नगर निगम मोतिहारी को दिया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर  नगर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए नगर निगम मोतिहारी को इन प्रतिमाओं एवं प्रतिमा स्थल की साफ सफाई कराने का निर्देश दिया है। प्रत्येक प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए एक-एक पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने एवं माल्यार्पण के लिए स्थानीय समितियां/ नागरिकों से वार्ता कर समय निर्धारित कर माल्यार्पण में भाग लेने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने महात्मा गांधी जी से जुड़े स्थलों पर भी समारोह पूर्वक झंडोत्तोलन करने का निर्णय लिया है। डीएम ने कहा कि इसके लिए अलग अलग पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह का लाइव प्रदर्शन सोशल मीडिया, फेसबुक, वेव कास्ट के माध्यम से होगा। ताकि लोग स्वतंत्रता दिवस समारोह का दृश्यावलोकन कर सकें।


समारोह में आमंत्रित गणमान्य एवं महत्वपूर्ण व्यक्तियों के बैठने के लिए टेंट-पंडाल एवं आवश्यक मात्रा में कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रेस प्रतिनिधि, महिला, महत्वपूर्ण व्यक्ति एवं आमंत्रित अतिथियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था कराई जाएगी। बैठक में जिला के स्वतंत्रता सेनानियों को महात्मा गांधी से संबंधित मोमेंट, शॉल एवं पुष्प गुच्छ से सम्मानित किया जाएगा ।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले परेड की तैयारी के लिए पूर्वाभ्यास आगामी 07 अगस्त से गांधी मैदान में प्रारंभ होगा। कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल कराया जाएगा। परेड पूर्वाभ्यास के अवसर पर मेडिकल कैंप लगाने के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है। परेड में एसएसबी, बीएमपी, होमगार्ड, सैप, डीएपी और एनसीसी सीनियर की टुकड़िया भाग लेंगी।
इस अवसर पर मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। जिला उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में सांस्कृतिक आयोजन समिति एवं चयन समिति गठित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में समूह नृत्य, समूह गान, एकल गायन, एकल नृत्य, थीम आधारित नृत्य का आयोजन किया जाएगा। डीएम ने कहा कि स्वच्छता से संबंधित लघु नाटिका एवं महात्मा गांधी के दर्शन पर आधारित गायन का आयोजन किया जा सकता है। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के 10 वीं एवं 12 वीं के छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित कराएं। किसी एक विद्यालय से अधिकतम दो कार्यक्रम करने का ही निर्णय लिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में मोमेंटो दिया जाएगा एवं अन्य सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र एवं मैडल से सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला के महादलित टोलों में उस टोले के बुजुर्ग महादलित व्यक्ति पुरुष/ महिला से झंडोत्तोलन कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रत्येक महादलित टोले में एक सरकारी पदाधिकारी उपस्थित होकर लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।