-फार्मर रजिस्ट्री के लिए आधार, मोबाइल और जमाबंदी जरूरी, किसानों को निशुल्क मिलेगी सुविधा
मुजफ्फरपुर। किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फार्मर रजिस्ट्री का काम कराया जा रहा है। फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसानों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और अपने नाम की जमाबंदी की जरूरत होगी। किसान अपने पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार या राजस्व कर्मचारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी सीएससी या वसुधा केंद्र पर भी फार्मर आईडी बनवाई जा सकती है। यहां यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध है।
किसान स्वयं भी बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद किसानों को अपने सभी प्लॉट को फार्मर आईडी से जोड़ना होगा। प्रशासन ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की है, ताकि उन्हें कृषि विभाग की योजनाओं और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।

फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित किसी तरह की समस्या होने पर किसान कृषि विभाग के हेल्पलाइन नंबर 18001801551 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की हेल्पलाइन 18003456215 जारी की गई है। पटना प्रमंडल स्तरीय फार्मर रजिस्ट्री हेल्पलाइन 9852827828 पर भी किसान अपनी समस्या बता सकते हैं।
इसके अलावा किसान जिला कृषि पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, राजस्व कर्मचारी या किसान सलाहकार से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन ने किसानों से समय पर फार्मर आईडी बनवाने और अपने सभी भूखंडों को इससे जोड़ने की अपील की है।












