-स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सामुदायिक भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन
हाजीपुर। सोनपुर मंडल के सामुदायिक भवन परिसर में 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा वर्तमान में समाज एवं रेलवे सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके पश्चात स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, रेलवे कर्मचारी एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

सम्मान समारोह के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं रेलवे सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन ने अपने संबोधन में कहे कि “स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, यह हमारे कर्तव्यों की पुनः स्मृति है। हमें अपने कार्यों से उस आज़ादी को जीवंत रखना है, जिसे हमारे पूर्वजों ने संघर्ष से प्राप्त किया।”
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारी, स्काउट-गाइड दल के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन का समापन सामूहिक राष्ट्रगान एवं “हर घर तिरंगा” अभियान के संदेश के साथ हुआ।
यह आयोजन सोनपुर मंडल की सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं राष्ट्रप्रेम का प्रतीक बनकर उभरा।












