Advertisement

सोमवती अमावस्या पर उमड़ी आस्था, सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए रखा व्रत

-सोमवती अमावस्या पर उमड़ी आस्था, सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए रखा व्रत

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक। जिले के बन्दरा प्रखंड में सोमवार को सोमवती अमावस्या का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना को लेकर पारंपरिक विधि-विधान से व्रत एवं पूजा-अर्चना की।
प्रखंड के मतलुपुर स्थित अतिप्राचीन बाबा खगेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालु महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न की।
सोमवती अमावस्या के अवसर पर व्रती महिलाओं ने मंदिर परिसर में स्थित पीपल एवं बरगद के वृक्ष की पूजा की। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार महिलाओं ने वृक्ष को पंखे से हवा दी, फल एवं प्रसाद अर्पित किया तथा कच्चे धागे (कलावा) लपेटकर 108 बार परिक्रमा की। इसके साथ ही पंडित जी के माध्यम से सोमवती अमावस्या की व्रत कथा भी श्रद्धापूर्वक सुनी।


पूजा-अर्चना में प्रिया,शालू,प्रियंका, रिंकी प्रिया, सुमन,सीमा,रूबी,रानी,रागनी सहित बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने परिवार की खुशहाली एवं पति की दीर्घायु की कामना करते हुए भगवान शिव और पीपल वृक्ष का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के प्रधान पुजारी राजन झा ने बताया कि सोमवती अमावस्या का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि जब अमावस्या तिथि सोमवार के दिन पड़ती है, तब इसे अत्यंत शुभ और पुण्यदायी माना जाता है। सुहागिन महिलाएं इस व्रत को श्रद्धा और विश्वास के साथ करती हैं, जिससे वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि और मंगल की प्राप्ति होती है।