-सीतामढ़ी होकर अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत ट्रेन का शुभारंभ, स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
सीतामढ़ी। सीतामढ़ी होकर एक और नई अमृत भारत ट्रेन के परिचालन की शुरुआत हो गई है। गुरुवार को अमृतसर से दोपहर 12:45 बजे रवाना हुई ट्रेन संख्या 14664 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस के सीतामढ़ी पहुंचने पर केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका के नेतृत्व में यात्रियों और रेलकर्मियों ने भव्य स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम में कैट के सचिव आलोक कुमार, स्टेशन अधीक्षक नीतीश्वर कुमार सिंह, वाणिज्य अधीक्षक अजय कुमार, यात्री रामप्रवेश प्रसाद समेत कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान ट्रेन के लोको पायलट एस.के. वर्मा, सहायक लोको पायलट अभिजीत कुमार, ट्रेन मैनेजर दिनेश कुमार श्रीवास्तव एवं सुरजीत कुमार कुशवाहा को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही माता सीता की प्राकट्य झांकी एवं प्रमुख तीर्थ स्थलों का मोमेंटो भी भेंट किया गया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका और सचिव आलोक कुमार ने प्रधानमंत्री Narendra Modi, रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw, सांसद Devesh Chandra Thakur सहित पूर्व मध्य रेल एवं समस्तीपुर मंडल के अधिकारियों को नई ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 14664 अमृतसर से चलकर जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, बरहनी, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा बाजार, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया होते हुए शुक्रवार शाम 4:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन जनकपुर रोड, कमतौल, सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, नरपतगंज, फॉरबिसगंज, अररिया, ठाकुरगंज, बागडोगरा और सिलीगुड़ी होते हुए शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 14663 प्रत्येक सोमवार सुबह 8 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होकर सीतामढ़ी होते हुए अमृतसर पहुंचेगी।
जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने कहा कि इस नई ट्रेन सेवा से मिथिलांचल और उत्तर बिहार के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में मुजफ्फरपुर से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का विस्तार भी सीतामढ़ी तक किया जाएगा।












