Advertisement

सिपाही को खींचकर उफनती चांदन नदी में कूदा आरोपी, पुलिसकर्मी ने तैरकर बचाई जान; संतोष यादव फरार

-सिपाही को खींचकर उफनती चांदन नदी में कूदा आरोपी, पुलिसकर्मी ने तैरकर बचाई जान; संतोष यादव फरार

भागलपुर। भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में पुलिस गिरफ्त से बचने के लिए एक आरोपी ने सिपाही को साथ खींचकर चांदन नदी की तेज धारा में छलांग लगा दी। सिपाही किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया, जबकि आरोपी संतोष यादव का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि मोतीडीह गांव निवासी संतोष यादव सैदपुर घाट के पास चांदन नदी किनारे हथियार के साथ मौजूद है। सूचना पर जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को देसी मास्केट व कारतूस के साथ पकड़ लिया। पुलिस टीम उसे चचरी पुल के रास्ते वाहन तक ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे पकड़कर ले जा रहे सिपाही को अचानक खींच लिया और दोनों नदी में जा गिरे।


नदी की तेज धारा में गिरने के बाद सिपाही किसी तरह तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गया, लेकिन आरोपी का पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार, आशंका है कि आरोपी नदी के दूसरे किनारे पहुंचकर फरार हो गया। हालांकि उसके परिजनों ने नदी में डूबने की आशंका जताई है और तलाश अभियान चलाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से बरामद देसी मास्केट और कारतूस जब्त कर लिया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी और तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं परिजनों का कहना है कि संतोष ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके अनुसार किसी व्यक्ति के फोन करने पर वह बाइक से चांदन नदी की ओर गया था। बाद में पुलिस द्वारा पकड़े जाने और नदी में कूदने की जानकारी मिली। परिजनों ने प्रशासन से नदी में भी तलाश अभियान चलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।