-वरिष्ठ IPS अधिकारी रत्न संजय की बिहार कैडर में वापसी, पुलिस मुख्यालय में देंगे योगदान
पटना। बिहार के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रत्न संजय की बिहार कैडर में वापसी को लेकर हलचल तेज हो गई है। बिहार कैडर के 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी रत्न संजय हाल तक सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में आईजी के पद पर लखनऊ में तैनात थे। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से समय पूर्व मुक्त किए जाने के बाद अब उनके शीघ्र पटना लौटने की जानकारी सामने आई है। पटना पहुंचने के बाद वे पुलिस मुख्यालय में योगदान देंगे।

रत्न संजय को बिहार पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों में लंबे प्रशासनिक एवं परिचालन अनुभव के लिए जाना जाता है। बिहार पुलिस में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
उनके पुलिस करियर में वर्ष 2004 का सिवान अभियान विशेष रूप से चर्चित रहा है। सिवान के तत्कालीन एसपी के रूप में उन्होंने तत्कालीन डीएम सीके अनिल के साथ प्रतापपुर में छापेमारी की कार्रवाई का नेतृत्व किया था। यह कार्रवाई उस समय के चर्चित बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन से जुड़े मामले के संदर्भ में हुई थी। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान टीम पर फायरिंग भी हुई थी। तलाशी के दौरान पुलिस ने हथियार और अन्य सामान बरामद किए थे।
रत्न संजय की बिहार वापसी ऐसे समय में हुई है जब राज्य में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर लगातार समीक्षा एवं कार्रवाई का दौर जारी है। अब पुलिस मुख्यालय में उनकी नई जिम्मेदारी क्या होगी, इस पर सभी की नजर है। उनकी तैनाती से संबंधित निर्णय राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के स्तर पर लिया जाना है।












