-सावन मेला की तैयारियों को लेकर बाबा गरीबनाथ धाम कांवड़िया सेवा शिविर संघ की बैठक, विधायक रंजन कुमार ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
मुजफ्फरपुर/मयंक राज। आगामी सावन मेला की तैयारियों को लेकर बाबा गरीबनाथ धाम कांवड़िया सेवा शिविर संघ, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में रविवार सुबह दीवान रोड स्थित किरण श्री विवाह भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अमर कुमार अमरेंद्र ने की, जबकि नगर विधायक रंजन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में सावन माह के दौरान कांवड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रमुख मुद्दों में शौचालय की समुचित व्यवस्था, अर्घा में सुधार, सेवा शिविरों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल, निर्बाध बिजली एवं गैस आपूर्ति, नगर निगम द्वारा नियमित साफ-सफाई, साउंड सिस्टम, रामदयालु से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक एंबुलेंस सेवा, स्वास्थ्य शिविर, सामान ढोने वाली गाड़ियों के लिए परमिट, पोल ब्रैकेटिंग, पूरे सावन में वीआईपी व्यवस्था पर रोक, मंदिर परिसर के आसपास मांस-मछली की दुकानों पर प्रतिबंध तथा टॉवर चौक से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त वाहन सेवा शामिल रहे।

बैठक में त्रिदेव बोल बम सेवा समिति, बालाजी परिवार, ऊं सेवा दल, मां बगलामुखी सेवा समिति, हरिसभा चौक कांवड़िया सेवा समिति, मां गंगा सेवा दल, मां गायत्री सेवा दल, अनमोल सेवा संघ, सीताराम सेवा समिति, भारतीय सेवा दल, हिंदुस्तान सेवा मंच, सनातन सेवा दल, पुरानी गुदरी कांवड़िया सेवा संघ, संकल्प सेवा समिति, डाक कांवड़िया सेवा समिति, पंचमहाभूत शिव सेवक संगठन, श्री काशी विश्वनाथ सेवा शिविर, भारत सेवा शिविर, कल्पना महावीर मंदिर पूजा समिति, युवा बोलबम सेवा समिति तथा शिव-पार्वती सेवा मंच सहित विभिन्न सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी सेवा शिविर संचालक अपने-अपने शिविरों में आग से सुरक्षा के लिए कम-से-कम दो से तीन अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
नगर विधायक रंजन कुमार ने आश्वासन दिया कि वे जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन एवं नगर आयुक्त से समन्वय स्थापित कर सावन मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।
बैठक के अंत में उपसंयोजक सज्जन कुमार अग्रवाल ने सभी सेवा शिविर संचालकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विधायक रंजन कुमार का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए सामूहिक सहयोग की अपील की।











