Advertisement

सावन की तैयारी तेज: बाबा गरीबनाथ धाम कांवरिया सेवा शिविर संघ की बैठक, बिजली-पानी, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर मंथन

-सावन की तैयारी तेज: बाबा गरीबनाथ धाम कांवरिया सेवा शिविर संघ की बैठक, बिजली-पानी, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर मंथन

मुजफ्फरपुर। आगामी सावन माह और बाबा गरीबनाथ धाम में आने वाले लाखों कांवरियों की सुविधा को लेकर बाबा गरीबनाथ धाम कांवरिया सेवा शिविर संघ, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में रविवार सुबह संगठन के कार्यालय बादल मार्केट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विकास गुप्ता आदित्य ने की।
बैठक में जिले के विभिन्न कांवरिया सेवा शिविरों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें त्रिदेव बोल बम सेवा समिति, बालाजी परिवार, ऊं सेवा दल, मां बगलामुखी सेवा समिति, हरिसभा चौक कांवरिया सेवा समिति, मां गंगा सेवा दल, मां गायत्री सेवा दल, अनमोल सेवा संघ, सीताराम सेवा समिति, भारतीय सेवा दल, हिंदुस्तान सेवामंच, सनातन सेवा दल, पुरानी गुदरी कांवरिया सेवा संघ, संकल्प सेवा समिति, डाक कांवरिया सेवा समिति, बिहारी युवा मंच, पंचमहाभूत शिव सेवक संगठन, श्री काशी विश्वनाथ सेवा शिविर, भारत सेवा शिविर तथा कल्पना महावीर मंदिर पूजा समिति सहित कई संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।


बैठक में सावन माह के दौरान लगने वाले सेवा शिविरों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कांवरियों की सुविधा के लिए बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, जाम की समस्या के समाधान, हैवी बैरिकेडिंग और एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर विशेष चर्चा हुई।
संघ की ओर से सभी सेवा शिविर संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने शिविरों में आग से सुरक्षा के लिए कम से कम दो से तीन अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की व्यवस्था स्वयं सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विकास गुप्ता आदित्य ने कहा कि सावन मेले के सफल संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विधायक, मंत्री, जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन और नगर आयुक्त से मिलकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हरसंभव सहयोग प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के अंत में संघ के उपसंयोजक सज्जन कुमार अग्रवाल ने सभी सेवा शिविर संचालकों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सावन मेले को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का आह्वान किया।