Advertisement

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता : विधायक अजीत कुमार

-सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता : विधायक अजीत कुमार

कांटी। प्रखंड की पानापुर पंचायत स्थित हरचंदा पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन स्थानीय विधायक ई. अजीत कुमार ने किया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े करीब 300 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, दाखिल-खारिज, भूमि परिमार्जन, कृषि नलकूप समेत विभिन्न योजनाओं से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन पहुंचे।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवेदनों की जांच कर कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया, जबकि शेष आवेदनों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
इस अवसर पर विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी परेशानी के पहुंचे। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
शिविर में स्थानीय मुखिया मदीना खातून, अरविंद सिंह, दिनकर सिंह, राजेश सिंह, मनोज पंडित, शंभू राय, मो. नसरुद्दीन, नवल राय, नीरज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।