-सरकारी काम में बाधा: मुआवजा लेने के बाद भी सड़क मापी का विरोध, अमीन को खदेड़ा
बोचहां । प्रखंड के रतनपुरा गांव में सोमवार को सड़क मापी करने गए अंचल अमीन अमरजीत पासवान को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने न सिर्फ अमीन के साथ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें जान बचाकर मौके से भागने पर मजबूर कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि सड़क निर्माण के लिए कई ग्रामीणों ने पहले ही मुआवजा ले लिया था, इसके बावजूद वे मापी का विरोध कर रहे थे।
यह घटना रतनपुरा से भूसाही को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण से जुड़ी है। भू-अर्जन पदाधिकारी के निर्देश पर बोचहां सीओ ने अंचल अमीन को स्थल की मापी रिपोर्ट तैयार करने के लिए भेजा था। अमीन ने पहले ही गांव के आठ लोगों को नोटिस तामील करा दिया था, जिनमें से कई ने मुआवजे की राशि भी ले ली थी।

सोमवार को जब अमीन अमरजीत पासवान मापी के लिए रतनपुरा गांव पहुंचे, तो नोटिस प्राप्त लोगों में से जयकांत राय, केशव राय, भिखारी राय सहित अन्य ने एकजुट होकर इसका पुरजोर विरोध किया। उन्होंने अमीन के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें काम करने से रोक दिया, जिसके कारण अमीन को बिना मापी किए ही वापस लौटना पड़ा।
अंचल अमीन अमरजीत पासवान ने इस पूरी घटना की शिकायत बोचहां सीओ विश्वजीत सिंह से की है। सीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि नोटिस देने के बावजूद सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन अब इस मामले में आगे की रणनीति पर विचार कर रहा है ताकि सड़क निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।












