Advertisement

समृद्धि यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, MLC वंशीधर बृजवासी ने उठाई हाईकोर्ट बेंच और उपराजधानी की मांग

-समृद्धि यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, MLC वंशीधर बृजवासी ने उठाई हाईकोर्ट बेंच और उपराजधानी की मांग

मुजफ्फरपुर।दीपक।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत शुक्रवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया तथा विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान तिरहुत स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद (MLC) वंशीधर बृजवासी ने मुख्यमंत्री के समक्ष मुजफ्फरपुर को लेकर एक बड़ी मांग रखी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर बिहार में पटना के बाद कई क्षेत्रों में अग्रणी जिला है और जनसंख्या व क्षेत्रफल के लिहाज से भी इसका विशेष महत्व है।


MLC वंशीधर बृजवासी ने कहा कि पटना के बाद मुजफ्फरपुर उत्तर बिहार का सबसे बड़ा शैक्षणिक केंद्र है। साथ ही उत्तर बिहार अंग्रेजों के शासनकाल से ही बिहार के प्रशासनिक एवं शासकीय ढांचे का अहम केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि लीची और आम के उत्पादन के लिए मुजफ्फरपुर विश्व स्तर पर पहचान रखता है, वहीं उत्तर बिहार में सर्वाधिक कल-कारखाने भी यहीं स्थापित हैं।
इन तथ्यों का हवाला देते हुए उन्होंने मुजफ्फरपुर में हाईकोर्ट की एक बेंच की स्थापना तथा जिले को उपराजधानी का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में राज्य के विभिन्न जिलों में बड़े प्रशासनिक संस्थानों और इकाइयों की स्थापना हुई है, लेकिन उस अनुपात में मुजफ्फरपुर को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है।
MLC ने मांग की कि बिहार सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए मुजफ्फरपुर को उपराजधानी घोषित करे, जिससे यह बिहार के शासन का एक प्रमुख केंद्र बन सके। इससे न केवल स्थानीय जनता को सुविधा मिलेगी, बल्कि पूरे उत्तर बिहार के विकास को भी गति प्राप्त होगी।