Advertisement

समस्तीपुर में बड़ा नाव हादसा: गंगा में डूबी 14 लोगों से भरी नाव, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत

-समस्तीपुर में बड़ा नाव हादसा: गंगा में डूबी 14 लोगों से भरी नाव, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार को गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गंगा घाट पर 14 लोगों से भरी एक नाव अचानक नदी में डूब गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

हादसे में अब तक पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और SDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नाव पर सवार सभी लोग खेती-बाड़ी और परवल तोड़ने के लिए दियारा इलाके की ओर जा रहे थे। नाव सुल्तानपुर घाट से कुछ ही दूरी आगे बढ़ी थी कि अचानक तेज हवा और नदी में बने भंवर की चपेट में आ गई। देखते ही देखते नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिसके कारण हादसा और गंभीर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।

घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन की ओर से लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की बात कही गई है।