-समस्तीपुर में चोरों का हाथ साफ, एक घर में लाखों की चोरी, दूसरे घर में विफल प्रयास
समस्तीपुर, बिहार। जिले के पूसा थाना क्षेत्र के दिघरा गांव में सोमवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया और लाखों रुपये के गहने और अन्य सामान चोरी कर लिए। वहीं एक अन्य घर में चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन आसपास के लोगों के जाग जाने के कारण चोर भागने में सफल रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, दिघरा गांव निवासी अरुण कुमार शर्मा के पुत्र देवांशु देव के घर में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति चोरी की। सुबह जब लोगों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा, तो घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

वहीं, गांव के ललन कुमार के घर में भी चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन जागते हुए आसपास के लोगों ने चोरों को भागने पर मजबूर कर दिया। इस घटना में चोरों का मंसूबा असफल रहा।
गृहस्वामी देवांशु देव बाहर नौकरी करते हैं, और उनके परिवार के अन्य सदस्य मुजफ्फरपुर में रहते हैं, जिसके कारण आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घर को खाली पाकर इसे अपना निशाना बनाया। घटना की जानकारी मिलते ही पूसा पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है, हालांकि चोरी हुए सामान की कीमत का आकलन नहीं किया जा सका है। पूसा थाना अध्यक्ष ने पुष्टि करते हुए कहा कि अनुसंधान जारी है।
#समस्तीपुर #चोरीकीघटना #पूसाथाना #देवांशुदेव #ललनकुमार #चोरोंकीसाजिश #बिहार











