-समर कैंप में बच्चों ने लगाया विद्यालय हाट, सीखी व्यंजन और सब्जियों की बारीकियाँ
वैशाली | मोहन कुमार सुधांशु
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी वैशाली के निर्देशन में आयोजित समर कैंप 2025 के चौथे दिन स्थानीय व्यंजन, खाद्य पदार्थ, मसाले और सब्जियों से जुड़ी जानकारियों को लेकर एक अनूठा आयोजन किया गया।
इस दौरान गोरौल हाई स्कूल और नगर पंचायत अंतर्गत चकब्यास प्राइमरी स्कूल में समर कैंप कार्यक्रम के तहत बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। गोरौल हाई स्कूल की छात्राओं ने स्थानीय व पारंपरिक व्यंजन तैयार कर उनकी प्रस्तुति दी। इस प्रदर्शन में स्कूल के प्रधानाध्यापक रवींद्र कुमार, लिपिक सुरेंद्र पांडेय समेत अन्य शिक्षकों ने भाग लिया।

वहीं चकब्यास स्कूल में नोडल शिक्षक सुभाष कुमार और शिक्षिका खुशबू कुमारी के नेतृत्व में विद्यालय हाट यानी ‘पेठिया’ का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने मसालों की दुकान, पोषण वाटिका से लाई गई हरी सब्जियों, फलों की दुकान और विभिन्न घरेलू खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन किया।
विद्यालय हाट के आयोजन का उद्देश्य बताते हुए एच. प्रणव कुमार ने कहा कि “समर कैंप के माध्यम से बच्चों को न केवल शैक्षणिक ज्ञान, बल्कि रोजमर्रा की जीवन-शैली से जुड़ी व्यवहारिक जानकारियाँ भी दी जा रही हैं। इससे उनमें आत्मनिर्भरता और सामाजिक कौशल का विकास होगा।”
#समरकैंप2025 #विद्यालयहाट #स्थानीयव्यंजन #बच्चोंकीसृजनशीलता #वैशालीसमाचार #बिहारशिक्षापरियोजना











