Advertisement

श्रावणी मेला 2026: बाबा गरीबनाथ धाम में कांवरियों के लिए 50 लाख की विशेष व्यवस्था

-श्रावणी मेला 2026: बाबा गरीबनाथ धाम में कांवरियों के लिए 50 लाख की विशेष व्यवस्था

-हाईटेक सुरक्षा और टेंट सिटी होगी तैयार

मुजफ्फरपुर: बाबा गरीबनाथ मंदिर में श्रावणी मेला 2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कांवरियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु जलार्पण व्यवस्था के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस बजट से बाबा गरीबनाथ महादेव मंदिर के साथ-साथ बाबा दूधनाथ महादेव मंदिर और खगेश्वर नाथ मंदिर में भी व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए इस बार हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। अनवरत यात्रा करने वाले डाक बम कांवरियों की पहचान और उन्हें जलार्पण में सुविधा देने के लिए विशेष रिस्ट बैंड उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए कूलर, पंखे और कारपेट से सुसज्जित वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किए जा रहे हैं।


मेला क्षेत्र में सुरक्षा के लिए चार फीट ऊंची बैरिकेडिंग लगाई जा रही है। निगरानी के लिए 72 घंटे तक रिकॉर्डिंग क्षमता वाले हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, 50 इंच की एलईडी स्क्रीन और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए हैवी जेनरेटर की व्यवस्था की जा रही है, ताकि पूरे मेले पर लगातार नजर रखी जा सके।
कांवरिया पथ पर पहलेजा घाट से लेकर मुजफ्फरपुर के अघोरिया बाजार और रामदयालु तक प्रमुख पड़ावों पर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए भव्य टेंट सिटी, जर्मन हैंगर शेड, एलईडी एवं सोलर लाइटिंग, पेयजल शिविर और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्रद्धालुओं की यात्रा को आध्यात्मिक और सुखद बनाने के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भक्ति संगीत, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक मंचों का भी आयोजन किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रावणी मेला 2026 में आने वाले प्रत्येक कांवरिया को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।