चंपारण की खबर::
– छात्रों के विकास में प्रति वर्ष दो लाख रूपए उपलब्ध कराएगी ब्रावो फाउंडेशन : राकेश
– शिवशंकर नवलकिशोरी महाविद्यालय में विज्ञान भवन का किया उद्घाटन
मोतिहारी / राजन द्विवेदी ।
जिले के छौड़ादानो प्रखंड अंतर्गत शिवशंकर नवलकिशोरी महाविद्यालय में आज आयोजित कार्यक्रम में ब्रावो फार्मा के सीएमडी सह ब्रावो फार्मा के मुख्य संरक्षक राकेश पांडेय ने बड़ी घोषणा की। कहा कि महाविद्यालय को ब्रावो फाउंडेशन प्रति वर्ष दो लाख रूपए महाविद्यालय के छात्रों के विकास के लिए उपलब्ध कराएगी। महाविद्यालय की संस्थापिका नवलकिशोरी सिन्हा की मूर्ति का अनावरण, नवनिर्मित विज्ञान भवन एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि समाज के लिए कुछ करें। आप लोग भी समाज हित में महती भूमिका निभाएं। उन्होंने बच्चों से पूरे मनयोग से विद्या ग्रहण करने पर जोर दिया। कहा कि लक्ष्य निर्धारित करें। लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी करेंगे, तो सफलता अवश्य मिलेगी। कोशिश हो कि कुछ बड़ा करें। ध्यान रखना है कि हमें समाज हित में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना है।

इससे पहले उन्होंने महाविद्यालय की संस्थापिका नवलकिशोरी सिन्हा की मूर्ति का अनावरण किया। साथ में एलएनडी कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार, शासी निकाय के अध्यक्ष उमेश शंकर सिंह, उक्त महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार श्रीवास्तव आदि थे। इसके बाद उन्होंने महाविद्यालय में नव निर्मित विज्ञान भवन का उद्घाटन किया। इस कड़ी उन्होंने विज्ञान भवन अंतर्गत भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला, रसायन विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय आदि का जायजा भी लिया। समारोह को संबोधित करते हुए एलएनडी कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार ने कहा कि काफी संघर्षो के बाद महाविद्यालय बेहतर स्वरूप में पहुंचा है। उन्होंने बच्चों से प्रतिदिन महाविद्यालय आने की अपील की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महाविद्यालय को आकार लेने में काफी संघर्ष करना पड़ा। 1984 में महाविद्यालय की स्थापना हुई। सरकार से अब तक कोई अनुदान नहीं मिला है। चंदा इकट्ठा कर विद्यालय का भवन तैयार किया गया। यहां पर गुरु-शिष्य परंपरा जीवंत है। महाविद्यालय के विकास के लिए हमारा संघर्ष जारी रहा। सरकार द्वारा तय मानकों पर महाविद्यालय खड़ा उतरा। पिछले सप्ताह महाविद्यालय को स्थायी मान्यता मिल गई है। उन्होंने बच्चों से नियमित विद्यालय आने की अपील की। इस दौरान अन्य वक्ताओं ने भी समारोह को संबोधित किया। मौके पर हरि खेतान महाविद्यालय बीरगंज के प्राचार्य भगवान प्रसाद यादव, एसएनएस कॉलेज के प्राचार्य प्रदीप कुमार, श्रीलक्ष्मी किशोरी महाविद्यालय, सीतामढ़ी के प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र चौधरी, राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मधुबन के प्राचार्य प्रो. विजय कुमार, जेएलएम महाविद्यालय, घोड़ासहन के प्राचार्य प्रो. नागेंद्र दास, महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. रामधारी प्रसाद, गर्ल्स स्कूल की पूर्व प्राचार्य शशिकला कुमारी के अलावा ब्रावो फाउंडेशन के संजय पांडेय, शैलेंद्र मिश्र बाबा, वीरेंद्र प्रसाद, उपेंद्र पटेल, प्रकाश मिश्रा, जहांगीर, राहुल, विनय, रवि रंजन, समीर आदि उपस्थित थे।












