-शारीरिक संबंध के बाद नाबालिग लड़की की मौत
-पटना में बॉयफ्रेंड समेत दो हिरासत में
पटना। राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ जहानाबाद की एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना जक्कनपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने इस मामले में लड़की के कथित बॉयफ्रेंड और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लड़की का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अब फर्द बयान का इंतजार कर रही है।
पुलिस के अनुसार, करीब 10 दिन पहले मसौढ़ी के रहने वाले एक लड़के से लड़की की मुलाकात हुई थी। इसी लड़के ने उसे पटना बुलाकर अपने दोस्त के कमरे पर ठहराया। वहीं दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसी दौरान लड़की को अचानक ब्लीडिंग शुरू हो गई और तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शनिवार को जब इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लड़कों को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच जारी है।
लड़की के दादा ने बताया कि वह सिर्फ पांचवीं कक्षा तक पढ़ी थी और फिर स्कूल छोड़ दिया था। उसके पिता बढ़ई का काम करते हैं। घटना वाले दिन वह जहानाबाद जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन पटना कैसे पहुंची, यह परिवार वालों को नहीं पता था। जब परिजन पटना पहुंचे, तब उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली।
जक्कनपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि फर्द बयान आने के बाद केस दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है।
#PatnaNews #CrimeReport #MinorDeath #BiharNews #JakkanpurIncident #BreakingNews #PoliceInvestigation












