Advertisement

शादी से इनकार पर प्रेमिका की गोली मारकर हत्या

-शादी से इनकार पर प्रेमिका की गोली मारकर हत्या

-फिर प्रेमी ने खुद को भी मारी गोली
-अरवल में दिल दहला देने वाली वारदात

अरवल। ब्यूरो रिपोर्ट।

बिहार के अरवल जिले में शुक्रवार (4 जुलाई, 2025) को एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सदर थाना क्षेत्र के खानगाह मोहल्ले में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह हृदयविदारक घटना लड़की के घर पर तीसरी मंजिल की सीढ़ियों पर हुई, जहां दोनों के शव दोपहर में बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, मृतक युवक अरवल के करपी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजितपुर गांव का निवासी था, जबकि लड़की नाबालिग बताई जा रही है। दोनों के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, लेकिन रिश्ते में फुफेरे भाई-बहन होने के कारण परिवार इसका विरोध कर रहे थे।

मां ने लगाया गंभीर आरोप:

लड़की की मां का कहना है कि आरोपी युवक शादी का दबाव बना रहा था। जब उनकी बेटी ने मना किया, तो उसने पहले उसे गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। उन्होंने बताया कि पूर्व में करपी थाना में युवक के खिलाफ मोबाइल हैकिंग और जान से मारने की धमकी को लेकर शिकायत भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई, जिसका नतीजा यह भयावह घटना रही।

लड़के के परिजनों का पलटवार:

वहीं, लड़के के परिजनों ने इन आरोपों को नकारते हुए दावा किया है कि दोनों की हत्या लड़की के परिवार वालों ने की है। उनका कहना है कि मामला प्रेम-प्रसंग से अलग कुछ और हो सकता है।

मौके से मिले हथियार और साक्ष्य:

घटनास्थल से पुलिस ने गोली का खोखा, एक जिंदा कारतूस और हथियार बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

एसडीपीओ ने दी जानकारी:

एसडीपीओ कृति कमल ने बताया कि दोनों के बीच पिछले तीन सालों से प्रेम संबंध था, लेकिन रिश्तेदारी के कारण यह समाज और परिवार के लिए अस्वीकार्य था। शुक्रवार को लड़का लड़की के घर पहुंचा और बात विवाद के दौरान घातक कदम उठाया।

इलाके में तनाव:

घटना के बाद पूरे मोहल्ले में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।