-शादी में हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार
-सकरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
-वायरल वीडियो के बाद धर-दबोचा
मुज़फ़्फरपुर। संवाददाता।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने अपराध की दुनिया में ‘काम तमाम कर देना’ वाली कहावत को सच कर दिखाया। दरअसल विडीओ वायरल होने के कुछ ही घंटों के भीतर सकरा थाना पुलिस ने शादी समारोह में खुलेआम हथियार लहराने वाले युवक को गिरफ़्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सकरा थाना क्षेत्र के एक शादी समारोह में डीजे की तेज़ धुनों पर नाचते युवकों की भीड़ के बीच अचानक एक युवक ने हथियार निकालकर खतरनाक अंदाज़ में लहराना शुरू कर दिया। वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि युवक लोगों की सुरक्षा की परवाह किए बिना फिल्मी स्टाइल में कट्टा/पिस्टल हवा में घूमाते हुए दिख रहा था। भीड़ में मौजूद कई लोग इस हरकत से दहशत में आ गए, जबकि कुछ लोग इसे मज़ाक और स्टाइल समझकर तमाशा देखते रहे।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत सकरा थाना को निर्देश जारी करते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस की टीम सक्रिय हुई और गुप्त रूप से उसकी लोकेशन तलाशते हुए कुछ ही घंटे में आरोपी को धर दबोचा गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल आरोपी युवक से पूछताछ जारी है, जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी है या किसी अवैध सप्लाई चैन का हिस्सा। पुलिस अब उसकी निशानदेही पर हथियार की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर हीरो बनने की कोशिश करने वालों को कानून किसी भी कीमत पर बख्श नहीं करेगा। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे समाज में गलत संदेश न जाए।











