-शादी का झांसा देकर युवती से 54 हजार की ठगी
-सेना का जवान बताकर वीडियो कॉल करता था आरोपित
मुजफ्फरपुर। जिले में शादी का झांसा देकर युवती से ठगी और धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर पहले प्रेमजाल में फंसाया, फिर शादी का वादा कर उससे 54,500 रुपये ऐंठ लिए। बाद में युवती को पता चला कि आरोपित पहले ही किसी दूसरी युवती से शादी कर चुका है।
पीड़िता ने सदर थाना में दर्ज कराए गए आवेदन में बताया कि आरोपित उससे लगातार संपर्क में रहता था और भरोसा जीतने के लिए सेना की वर्दी पहनकर तथा हाथ में बंदूक लेकर वीडियो कॉल करता था। शादी का भरोसा दिलाकर उसने अलग-अलग तारीखों में अपनी जरूरतों का हवाला देते हुए कुल 54,500 रुपये ले लिए।

कुछ समय बाद युवती को जानकारी मिली कि आरोपित ने चोरी-छिपे किसी अन्य लड़की से शादी कर ली है। सच्चाई जानने और अपना हक मांगने जब वह आरोपित के घर पहुंची तो उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट भी की गई।
युवती की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पताही निवासी मुख्य आरोपित मो. अरमान समेत कुल छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी या रिश्ते के नाम पर किसी भी व्यक्ति पर बिना पूरी जानकारी और सत्यापन के भरोसा न करें तथा किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन करने से पहले पूरी सावधानी बरतें। मामले की जांच जारी है।












