Advertisement

विश्व रक्तदाता दिवस पर ब्रज मोहन दास महाविद्यालय में संगोष्ठी, छात्रों को रक्तदान के लिए किया प्रेरित

-विश्व रक्तदाता दिवस पर ब्रज मोहन दास महाविद्यालय में संगोष्ठी, छात्रों को रक्तदान के लिए किया प्रेरित

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने की, जबकि मंच संचालन प्रो. रवि रंजन कुमार ने किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाषण देते हुए प्रो. राज कुमार ने कहा कि “रक्तदान महादान है। रक्तदान से किसी घायल अथवा गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति को नया जीवन मिलता है। जब भी जीवन में रक्तदान का अवसर मिले, हमें अवश्य रक्तदान करना चाहिए।”


प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान करने से न केवल दूसरे व्यक्ति का जीवन बचता है, बल्कि रक्तदाता का शरीर भी स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है। नियमित रक्तदान करने से कई प्रकार की बीमारियों से बचाव होता है और व्यक्ति ऊर्जावान बना रहता है।
उन्होंने छात्रों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए रक्तदान के विभिन्न स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी रक्तदान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर छात्र सुधीर कुमार, रणधीर कुमार, चंदन कुमार एवं छात्रा शिवानी कुमारी ने रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में छात्र सचिन कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन कर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।