-विश्व पर्यावरण दिवस पर गायघाट थाना परिसर में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गायघाट/मुजफ्फरपुर। दीपक।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गायघाट थाना परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
पौधारोपण अभियान के तहत थाना परिसर में करीब एक दर्जन पौधे लगाए गए। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया, ताकि आने वाले समय में ये पौधे बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना और उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक पौधे को वृक्ष बनाना प्रकृति और समाज के प्रति सबसे बड़ा योगदान है।
उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।












