-वन महोत्सव पर ब्रज मोहन दास महाविद्यालय में संगोष्ठी, छात्रों ने किया वृक्षारोपण
राजापाकर/संजय। ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में वन महोत्सव के अवसर पर संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने की, जबकि मंच संचालन प्रो. रवि रंजन कुमार ने किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि पृथ्वी पर मानव जीवन पेड़-पौधों के कारण ही संभव है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की आवश्यकता है। प्रकृति के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए तथा वृक्षों को देवतुल्य मानकर उनकी रक्षा करनी चाहिए।
प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने कहा कि लगातार बढ़ती जनसंख्या और अंधाधुंध पेड़ों की कटाई के कारण प्राकृतिक आपदाओं में वृद्धि हो रही है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्ष लगाना और उनकी देखभाल करना अपना दायित्व समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरे-भरे पेड़ ऑक्सीजन के प्रमुख स्रोत हैं और भारतीय परंपराओं में वृक्षों की पूजा के पीछे वैज्ञानिक आधार भी निहित है।

उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि हर व्यक्ति अधिक से अधिक पेड़ लगाए और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
कार्यक्रम में डॉ. सुभाष कुमार ने भी पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर अपने विचार रखे। अंत में डॉ. जय चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित छात्रों ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। छात्रों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला।











