Advertisement

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जमालपुर में वैगन पीओएच परियोजना की रखी आधारशिला

-रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जमालपुर में वैगन पीओएच परियोजना की रखी आधारशिला

-बिहार के रेलवे विकास को मिली नई रफ्तार

हाजीपुर | दीपक कुमार तिवारी

बिहार में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज जमालपुर लोकोमोटिव वर्कशॉप में वैगन पीओएच क्षमता वृद्धि परियोजना की आधारशिला रखी। लगभग 78.96 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना जमालपुर वर्कशॉप की ओवरहालिंग क्षमता को 545 से बढ़ाकर 800 वैगन प्रति माह तक ले जाएगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और श्री विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। रेल मंत्री ने जमालपुर स्टेशन पर 30 करोड़ रुपये की पुनर्विकास योजना की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इससे पूर्व श्री वैष्णव ने पटना से जमालपुर तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया और बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार से भेंट कर रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं पर चर्चा की। जमालपुर में उन्होंने वर्कशॉप के विभिन्न अनुभागों—बॉक्सएन वैगन, बीएलसीएस वैगन, ब्रेक वैन, क्रेन, टावर कार, और जमालपुर जैक—का निरीक्षण किया।

रेल मंत्री ने IRIMEE (Indian Railway Institute of Mechanical and Electrical Engineering) का दौरा कर “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” नामक पुस्तक का विमोचन किया, जिसमें वेल्डिंग, न्यूमेटिक्स, हाइड्रोलिक्स और मेक्ट्रोनिक्स जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण और उन्नयन की योजनाएं सम्मिलित हैं। इस संस्थान को 2026 से बाहरी युवाओं के लिए भी खोलने की योजना है।

रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2009-14 की तुलना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे बजट में 9 गुना वृद्धि की गई है। पहले जहां प्रति वर्ष औसतन 1,132 करोड़ रुपये खर्च होते थे, वहीं अब 10,066 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी तरह नई लाइनों के निर्माण और रेलवे विद्युतीकरण में भी 2.5 से 9 गुना तक वृद्धि दर्ज की गई है।

इस कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार, अजय कुमार सिंह, राजीव कुमार सिन्हा, लाल मोहन गुप्ता, पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर, सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

#बिहाररेलवेविकास #जमालपुरवर्कशॉप #रेलमंत्रीअश्विनीवैष्णव #IRIMEE #रेलवेबजटबिहार #रेलइन्फ्रास्ट्रक्चर