-रेड लाइट एरिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की विशेष पहल
-महिलाओं-बच्चों को अधिकारों व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA) नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BALSA) पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) मुजफ्फरपुर ने शनिवार को शहर के रेड लाइट एरिया में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को उनके मौलिक अधिकारों तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मुजफ्फरपुर सुश्री श्वेता कुमारी सिंह ने किया। उन्होंने क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं एवं बच्चियों को संबोधित करते हुए नालसा और बालसा की विभिन्न योजनाओं, जैसे आशा स्कीम, डाउन स्कीम, साथी स्कीम, जागृति स्कीम एवं संवाद स्कीम की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और किसी भी परिस्थिति में उसकी पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। यदि बच्चों की शिक्षा, परवरिश या सर्वांगीण विकास में किसी प्रकार की समस्या आती है तो जिला विधिक सेवा प्राधिकार से निःशुल्क कानूनी सहायता एवं आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन के सहयोग से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पुलिस पाठशाला की सराहना करते हुए वहां अध्ययनरत बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे कार्यों में स्वयं को लगाने तथा भविष्य में उच्च पदों पर पहुंचकर समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने पुलिस पाठशाला को और अधिक उन्नत एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन से सहयोग दिलाने का आश्वासन भी दिया।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने में आने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार इन समस्याओं के समाधान के लिए पूरी सहायता करेगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पुलिस पाठशाला के समीप संचालित पालना घर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं संचालन संबंधी चुनौतियों की जानकारी ली और कहा कि जिला प्रशासन से समन्वय कर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा विशेष रूप से एक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री तेज कुमार प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक (टाउन-2) सुश्री विनीता कुमारी, पुलिस पाठशाला की संयोजिका नसीमा खातून, समाजसेवी भगवान जी पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का संकल्प दोहराया गया।











