Advertisement

रिश्वत लेते पकड़ी गई महिला थानाध्यक्ष, निगरानी विभाग ने चालक समेत किया गिरफ्तार

-रिश्वत लेते पकड़ी गई महिला थानाध्यक्ष, निगरानी विभाग ने चालक समेत किया गिरफ्तार

✍🏻 पटना/समस्तीपुर। संवाददाता।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की सख्त कार्रवाई के तहत समस्तीपुर जिले में शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई हुई। महिला थाना की थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी को निगरानी विभाग की टीम ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। उनके साथ उनके चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, छतौना गांव निवासी राजीव रंजन सिंह ने महिला थानाध्यक्ष के खिलाफ निगरानी विभाग से शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी किसी मामले में कार्रवाई के एवज में उनसे रिश्वत की मांग कर रही हैं।

शिकायत की पुष्टि होते ही पटना से निगरानी विभाग की विशेष टीम समस्तीपुर पहुंची और पूर्व नियोजित योजना के तहत रिश्वत लेते समय महिला थानाध्यक्ष को दबोच लिया। उनके चालक की भी इस मामले में संलिप्तता पाई गई, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए निगरानी कार्यालय ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। इस कार्रवाई से समस्तीपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर के सरकारी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।