-राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों के निष्पादन कराएं: पुनीत कुमार तिवारी
-बैठक में अनुपस्थित थानाध्यक्षों को नोटिस का निर्देश
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
आगामी 9 मई 2026 को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में जिले के सभी थानाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पुनीत कुमार तिवारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी के सचिव नितिन त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से की । बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों के निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
बैठक के दौरान विशेष रूप से नोटिसों के तामिला (सर्विस) पर बल दिया । अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस की तामिला सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जा सके।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि लोक अदालत की सफलता काफी हद तक नोटिस तामिला की प्रभावशीलता पर निर्भर करती है। अतः इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अनुपस्थित रहने वाले थानाध्यक्षों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस निर्गत करने का आदेश दिया । साथ ही यह निर्देश भी दिया गया कि भविष्य में इस प्रकार की महत्वपूर्ण बैठकों में सभी संबंधित पदाधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
अंत में, सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लंबित वादों को चिन्हित कर अधिकाधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे आम जनता को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके।












