-राज्य महिला आयोग ने मुजफ्फरपुर में की जनसुनवाई, 115 मामलों की हुई सुनवाई
मुजफ्फरपुर। बिहार राज्य महिला आयोग, पटना की ओर से सोमवार को मुजफ्फरपुर में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई करते हुए आयोग ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आयोग के समक्ष कुल 147 मामले सूचीबद्ध थे, जिनमें से 115 मामलों की सुनवाई की गई। कुछ मामलों का निरस्तीकरण किया गया, जबकि शेष मामलों में आगे की कार्रवाई के लिए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।

जनसुनवाई में आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्य ने एक-एक मामले की सुनवाई कर संबंधित पक्षों और अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में जिले के संबंधित थाना प्रभारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), वन स्टॉप सेंटर मुजफ्फरपुर की केंद्र प्रशासक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोग के समक्ष मामलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
राज्य महिला आयोग ने महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। जनसुनवाई के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिला।












