Advertisement

राजापाकर सीएचसी में प्रसव के बाद अवैध वसूली का आरोप, पीड़िता ने मांगा न्याय

-राजापाकर सीएचसी में प्रसव के बाद अवैध वसूली का आरोप, पीड़िता ने मांगा न्याय

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। राजापाकर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर पंचायत निवासी मीना देवी ने इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

मीना देवी ने आरोप लगाया कि 29 नवंबर की रात करीब 12:42 बजे उनकी बहू वंदना कुमारी ने स्वास्थ्य केंद्र में एक बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद वार्ड में तैनात जीएनएम अनिता कुमारी और लक्ष्मी कुमारी ने उनसे 1000 रुपये की मांग की। पीड़िता के पास केवल 200 रुपये थे, जिसे लेने से कर्मचारियों ने इनकार कर दिया। विरोध करने पर उनसे अभद्र भाषा में बात की गई और धमकी भी दी गई।

घटना की सूचना तत्कालीन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. जितेंद्र मोहन पासवान को भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़िता ने लिखित शिकायत देते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने बताया कि शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई है। दोनों जीएनएम का एक दिन का वेतन रोका गया है तथा आगे विभागीय कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन, वैशाली को अनुशंसा भेज दी गई है।