Advertisement

राजापाकर में AISF का मशाल जुलूस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

-राजापाकर में AISF का मशाल जुलूस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत राजापाकर में छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान जंतर-मंतर, नई दिल्ली में चल रहे सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में भी छात्रों ने अपनी आवाज बुलंद की।
राजापाकर हाई स्कूल चौक से शुरू हुआ मशाल जुलूस डाकघर चौक तक पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष प्रकाश प्रियदर्शी ने किया।


सभा को संबोधित करते हुए प्रकाश प्रियदर्शी ने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्र-युवा आक्रोशित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की खबरें सामने आती रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कई छात्र मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या तक कर चुके हैं। ऐसे में नैतिकता के आधार पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जंतर-मंतर पर वैज्ञानिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा किए जा रहे आंदोलन और भूख हड़ताल के प्रति सरकार का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। छात्रों ने आंदोलन के प्रति समर्थन जताते हुए सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
मशाल जुलूस के दौरान छात्रों ने “केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो”, “पेपर लीक पर रोक लगाओ”, “छात्र एकता जिंदाबाद” सहित विभिन्न नारे लगाए।
कार्यक्रम में सिक्कम कुमार, राजा हिप्पा, अभिषेक कुमार उर्फ छोटू पासवान, राहुल कुमार (वीआईपी लाइब्रेरी), गोलू कुमार, राहुल पासवान, अनिकेत कुमार, नंदेश यादव, आदर्श रंजन, निशांत कुमार समेत दर्जनों छात्र-युवा शामिल रहे।